नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भारतीय सेना पर टिप्पणी को लेकर मंत्री जगत सिंह नेगी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना पर की गई टिप्पणी को पूरा देश माफ नहीं करेगा। देशभर में सेना के पूर्व अधिकारी भी जगत सिंह नेगी के खिलाफ उतर आए हैं और लोगों में भारी आक्रोश है। जयराम ठाकुर ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री से पहले ही मांग की थी कि सेना पर टिप्पणी करने वाले मंत्री को पद से हटाया जाए, लेकिन मुख्यमंत्री इस मामले में टस से मस नहीं हो रहे हैं। उन्होंने यह बात तपोवन स्थित विधानसभा में शीतकालीन सत्र के छठे दिन सदन की कार्यवाही में शामिल होने जाते हुए कही।