गुरुद्वारा सिंह सभा बकलोह-ककीरा की ओर से श्री गुरु नानक देव का प्रकाश उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारे में धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और गुरु चरणों में शीश नवाकर सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के दौरान रागी सिंह भाई गुरबचन सिंह ने गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत कर संगत को निहाल किया। शबद कीर्तन से पूरा गुरुद्वारा परिसर भक्तिमय हो उठा। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया। साथ ही गुरु का अटूट लंगर भी बरताया गया, जिसमें संगत ने पंगत में बैठकर लंगर प्रसाद ग्रहण किया। सिंह सभा की प्रधान दलजीत कौर और सरबजीत सिंह ने बताया कि गुरुद्वारा सिंह सभा की ओर से हर वर्ष गुरु नानक देव का प्रकाश पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारे में प्रतिदिन सुबह और शाम पूरे संसार के कल्याण, सुख-शांति और भाईचारे के लिए अरदास की जाती है। उन्होंने संगत को गुरु नानक देव की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने और मानवता की सेवा करने का संदेश भी दिया।