चंबा वेलफेयर एसोसिएशन की मासिक बैठक प्रधान ओम प्रकाश गोस्वामी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में शहर और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। एसोसिएशन ने संबंधित विभागों और जिला प्रशासन से समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग उठाई। बैठक में नगर परिषद चंबा के अधीन आने वाले सभी 11 वार्डों के श्मशान घाटों की दयनीय स्थिति पर चिंता जताई गई। एसोसिएशन ने कहा कि श्मशान घाट प्रत्येक व्यक्ति का अंतिम विश्राम स्थल है। ऐसे महत्वपूर्ण स्थलों की अनदेखी किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। एसोसिएशन के अनुसार शहर के सदियों पुराने भागोत श्मशान घाट में करीब आठ वार्डों के लोगों का अंतिम संस्कार किया जाता है। यहां पहुंचने वाली सड़क लंबे समय से खस्ताहाल है। सड़क कई स्थानों पर टूटी हुई है और गहरी खाइयों के कारण हादसे का खतरा बना हुआ है। अंतिम संस्कार के लिए अर्थी लेकर जाने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा शीतला पुल के समीप रावी नदी किनारे स्थित श्मशान घाट, जुलाकड़ी और हरदासपुर मोहल्ला के श्मशान घाटों की स्थिति पर भी चिंता जताई गई। एसोसिएशन ने इस मार्ग पर पुलिस गश्त बढ़ाने की भी मांग की, ताकि असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। इसके अलावा सड़क किनारे लगाए गए बैठने के बेंचों की मरम्मत, उचित रखरखाव और नियमित सफाई करवाने की मांग भी की गई।