राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कपाहड़ा में रविवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। समारोह में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक, खेलकूद और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राजेश धर्माणी ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में मिलने वाले संस्कार ही समाज का भविष्य तय करते हैं। यह जीवन की सबसे महत्वपूर्ण अवस्था है, जिसमें व्यक्ति के भविष्य की नींव रखी जाती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ अनुशासन, मेहनत, आत्मविश्वास और अच्छे संस्कारों को भी अपने जीवन में अपनाना चाहिए। सफलता हासिल करने के लिए लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करना जरूरी है। राजेश धर्माणी ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि अपेक्षित परिणाम न मिलने पर निराश होने के बजाय अपनी कमियों को पहचानना चाहिए और उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। निरंतर मेहनत और सकारात्मक सोच से विद्यार्थी अपने निर्धारित लक्ष्य हासिल कर सकते हैं।