राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन मोहनलाल बड़ौली व मेयर राजीव जैन ने गांधी चौक पर स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने श्रमदान करके नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि दी। सेवा संकल्प अभियान के तहत सेक्टर-14 स्थित गांधी चौक पर चेयरमैन माेहनलाल बड़ौली और मेयर राजीव जैन ने स्वयं झाड़ू लगाकर परिसर की सफाई की। इसके बाद महात्मा गांधी की प्रतिमा की सफाई कर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की। मेयर ने गांधी चौक से विश्वकर्मा चौक होते हुए फ्लाईओवर तक स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं रहने देने के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों से कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और नगर निगम का सहयोग करने की अपील की। मेयर ने आठ मरला स्थित लाल बहादुर शास्त्री पार्क में पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के जीवन को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी। चेयरमैन मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी विभाग या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है। प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सोनीपत के लिए जनभागीदारी जरूरी है। नागरिक गीले और सूखे कचरे को अलग रखें और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें। इस दौरान महामंत्री तरुण देवीदास, निगम पार्षद सुरेंद्र मदान, सुनीता, जिला स्वतंत्रता सेनानी संगठन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।