सोनीपत। हरियाणा सरकार ने रोडवेज कर्मचारियों को दिवाली का तोहफा देते हुए चालकों और परिचालकों की पदोन्नति की है। सोनीपत डिपो में 67 परिचालकों को उपनिरीक्षक के पद पर पदोन्नत किया गया है। इनमें सोनीपत डिपो के 36 और गोहाना सब डिपो के 31 परिचालक शामिल हैं। वहीं प्रदेशभर में 797 परिचालकों को उपनिरीक्षक और 43 चालकों को यार्ड मास्टर के पद पर पदोन्नति दी गई है। लंबे समय से लंबित पदोन्नति की मांग पूरी होने पर रोडवेज कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। इस फैसले पर हरियाणा रोडवेज कर्मचारी साझा मोर्चा के सोनीपत डिपो अध्यक्ष मंडल के रामपत गोरड़, संजीव, राजेश आंतिल, सुधीर, संदीप मलिक, रविंद्र, अनिल आंतिल और मनजीत पहल सहित अन्य कर्मियों ने प्रदेश सरकार और परिवहन मंत्री अनिल विज का आभार जताया। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि परिवहन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस), महानिदेशक (डीजी) और अधिकारियों ने कर्मचारियों की लंबित मांगों को पूरा करने की दिशा में सकारात्मक कदम उठाया है। उन्होंने मोर्चा के शीर्ष नेतृत्व का भी आभार जताया, जिसने कर्मचारियों की मांगों को लगातार सरकार के समक्ष उठाया और उन्हें पूरा करवाने के लिए प्रयास किए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की कई मांगों के संबंध में परिपत्र भी जारी किए गए हैं। पदोन्नति का निर्णय कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत है।