एसआरएस पब्लिक स्कूल में जिलास्तरीय सात दिवसीय एनएसएस शिविर के तीसरे दिन स्वयंसेवकों ने एफडीडीआई रोहतक का शैक्षणिक भ्रमण किया। शिविर में जिले के 17 विद्यालयों के 210 स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं। शिविर का संचालन जिला एनएसएस समन्वयक अनुज मलिक की अध्यक्षता व पूर्व कॉर्डिनेटर विजय शर्मा के मार्गदर्शन में हो रहा है। तीसरे दिन हार्टफुलनेस सेंटर से आए फूल सिंह ढाका व वीरेंद्र फौगाट ने स्वयंसेवकों को मेडिटेशन करवाया। इसके बाद एफडीडीआई में विद्यार्थियों ने विभिन्न ट्रेड्स, व्यावसायिक पाठ्यक्रमों, प्रयोगशालाओं और आधुनिक उपकरणों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान आयोजित करियर काउंसलिंग सत्र में विशेषज्ञों ने कौशल विकास, रोजगार के अवसरों और सही करियर चुनने के बारे में बताया। विद्यार्थियों ने सवाल पूछकर सक्रिय भागीदारी की। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी विजेता शर्मा, पंकज जैन, कवीशा जैन, रामकली, मंजू, गगना, डॉ. सतीश, नवीन कुमार, सीमा व सुमन लता मौजूद रहीं। प्राचार्य डॉ. सुमित शर्मा का विशेष सहयोग रहा।