एडवोकेट सुरेंद्र माडू ने मंगलवार को सिंचाई विश्राम गृह में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूर्व गृह मंत्री सुभाष बत्रा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बत्रा ने 20 मई 2023 को अपने निवास स्थान पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मीडिया में सुर्खियां बटोरने के लिए उनके खिलाफ बेबुनियाद, तथ्यहीन और आधारहीन आरोप लगाए थे। माडू ने बताया कि बत्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि सीएम विंडो पर ऐसे व्यक्ति बैठे हैं, जो शिकायतकर्ता से रिश्वत लेकर उसकी फाइल आगे भेजते हैं और रिश्वत न देने वालों की फाइल दबा देते हैं। माडू ने कहा कि बत्रा को सीएम विंडो की व्यवस्था के बारे में कोई ज्ञान ही नहीं था। यह व्यवस्था पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शुरू की थी। बत्रा ने केवल अपनी राजनीति चमकाने के लिए उनकी राजनीतिक और सामाजिक छवि खराब करने का काम किया। माडू ने बताया कि बत्रा के अपशब्दों और आरोपों के खिलाफ उन्होंने 2 जून को नोटिस दिया था लेकिन बत्रा ने उसका कोई जवाब नहीं दिया। जवाब न मिलने पर उन्होंने भारतीय न्याय संहिता की धारा 499 और 500 के तहत मानहानि का केस दायर किया। मामले में उनकी ओर से तीन गवाहों के साथ प्री-एविडेंस पूरी करवाई गई। इसके बाद कोर्ट ने बीएनएस की धारा 223 के तहत प्री-समनिंग के आदेश पारित कर बत्रा को 21 दिसंबर 2026 को कोर्ट में पेश होकर सफाई देने का मौका दिया है। माडू ने कहा कि बत्रा ने उनसे संपर्क करने की कोई कोशिश नहीं की। उन्होंने कहा कि मेरा उनसे कोई व्यक्तिगत द्वेष नहीं है, वे वरिष्ठ हैं और मैं उनका सम्मान करता हूं लेकिन मान-सम्मान से बढ़कर कुछ नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि बत्रा जिले की जनता की ओर से नकारे जा चुके हैं और उन्हें यह भी नहीं पता कि वे किस पार्टी में हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान बत्रा रात को डेढ़ बजे भाजपा कार्यालय में एक पूर्व पार्षद की गाड़ी में बैठकर गए थे। माडू ने कहा कि मैंने मात्र एक रुपये का मानहानि का केस डाला है। मेरा मकसद पैसा नहीं, बल्कि यह अहसास कराना है कि चाहे आम कार्यकर्ता हो या पूर्व मंत्री, किसी का भी आत्मसम्मान सबसे बड़ी चीज है। उन्होंने कहा कि बत्रा को कोर्ट के समक्ष आकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। अगर उन्हें रोहतक कोर्ट में न्याय नहीं मिला तो वे उच्च न्यायालय तक जाएंगे।