हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के पूर्व चेयरमैन डॉ. पवन कुमार शर्मा ने जिला बाल कल्याण परिषद रोहतक की ओर से मंडलस्तरीय बाल महोत्सव के आयोजन को प्रशंसनीय और अनुकरणीय बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने और उसे निखारने का अवसर देते हैं। पवन कुमार शर्मा ने कहा कि महोत्सव में विद्यार्थियों ने ड्रामा, नाटक, डांस, क्विज, रंगोली और मेहंदी सहित विभिन्न विधाओं में शानदार प्रस्तुतियां दीं। जिला बाल कल्याण अधिकारी के नेतृत्व में हुआ यह आयोजन वास्तव में सराहनीय है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ता है, स्टेज का डर दूर होता है और उन्हें बहुत कुछ सीखने का मौका मिलता है। उन्होंने कहा कि जब बच्चा किसी गतिविधि में शामिल होता है तो उसकी ऊर्जा सही दिशा में चैनलाइज होती है। इससे वह खुद को कंसंट्रेट करना और अभ्यास की डगर पर चलना सीखता है। इसका लाभ उसे केवल एक क्षेत्र में नहीं, बल्कि सभी क्षेत्रों में मिलता है। पवन कुमार शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज को सबसे बड़ा लाभ यह है कि हमारी संस्कृति और सांस्कृतिक धरोहर जीवित रहती है और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचती है। साथ ही जब बच्चे को-करिकुलर एक्टिविटीज में व्यस्त रहेंगे तो वे समाज की बुराइयों और युवा पीढ़ी में बढ़ रही गलत आदतों से दूर रहेंगे। यह आने वाली पीढ़ियों के सही मार्गदर्शन के लिए एक बड़ा कदम है। इस दौरान जिला बाल कल्याण अधिकारी सोमदत्त खुंडिया, प्रतियोगिता के नोडल अधिकारी अशोक शर्मा, विकास वशिष्ठ, योगेश भारद्वाज, विकास ढलवाल सहित अन्य मौजूद रहे।