पानीपत। समालखा के ग्रामीण क्षेत्र हथवाला के खेतों में बुधवार को तेंदुआ दिखाई देने से आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया। खेतों में काम कर रहे किसानों ने अचानक एक जंगली जानवर को गन्ने के खेतों की तरफ जाते देखा, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही वन्य एवं जीव विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस तथा स्थानीय ग्रामीणों को साथ लेकर सघन सर्च अभियान शुरू कर दिया। हथवाला निवासी किसान रमेश कुमार ने बताया कि हम सुबह अपने खेतों में गए थे, तभी गन्ने के पास कुछ हलचल हुई। पास जाकर देखा तो एक बड़ा तेंदुआ खेत की तरफ भाग रहा था। उन्हों तुरंत इसकी सूचना अन्य ग्रामीणों को दी। ग्रामीण सुरेश ने बताया कि तेंदुए की खबर मिलते ही ग्रामीण व किसान लाठी-डंडे लेकर खेतों के पास एकत्र हो गए। बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर अब हर कोई डरा हुआ है। सूचना मिलने पर वन एवं जीव विभाग के अधिकारी तुरंत अपनी टीम के साथ हथवाला गांव पहुंचे। विभाग की टीम ने स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों को साथ लेकर गन्ने के खेतों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे फिलहाल अकेले खेतों की तरफ न जाएं और सतर्क रहें। वन विभाग की टीम पंजों के निशानों की जांच कर रही है और तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की तैयारी की जा रही है।