एसपी लोकेंद्र सिंह ने सोमवार को पुलिस लाइन में परेड की सलामी के बाद दंगा निरोधक कंपनी का निरीक्षण किया। इस दौरान जवानों को दंगा नियंत्रण उपकरणों टीयर गैस, एंटी रायट गन, वाटर कैनन चलाने का अभ्यास कराया। जिले में किसी भी लॉ एंड ऑडर की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस लाइन में जवानों की चार दंगा निरोधक कंपनी बनाई गई है। कंपनी में तैनात प्रत्येक जवान लाठी, डंडा, बॉडी प्रोटक्टर, कैन सिल्ड, हेल्मेट जैसे सभी प्रकार के एंटी राइट संसाधन से लैस है। एक कंपनी में तीन अलग अलग प्लाटून बनाकर जवानों को तैनात किया गया है। उक्त कंपनियों में तैनात जवान किसी भी लॉ एंड आर्डर स्थिति से निपटने के लिए सक्षम है। चारों कंपनियों के 425 जवानों ने इस दौरान मॉक ड्रील की गई। पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने इस दौरान जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा तथा कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच प्राथमिकता है, ताकि आमजन अपने आपको सुरक्षित महसूस करें। कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के दौरान आमजन के साथ मैत्रीपूर्ण व्यवहार कर उनका सहयोग लिया जाए तथा कानून से खिलवाड़ करने वाले असमाजिक तत्वों के साथ सख्ती से निपटा जाए। उन्होंने कहा कि आपात स्थित में पूरी सावधानी व सतर्कता बरतें तथा संदिग्ध किस्म के लोगों पर पैनी नजर रखें। भीड़ उग्र हो जाए तो भीड़ से निपटने के तरीके भी बताए गए। उन्होंने कहा कि यदि भीड़ ज्यादा उग्र या अनियंत्रित हो जाए तो ऐसी स्थिति में पुलिस अधिकारियों व जवानों को जहां तक हो सके मनोवैज्ञानिक तरीके से भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास करना चाहिए। इस मौके पर डीएसपी मुख्यालय सतीश वत्स,डीएसपी नरेंद्र सिंह, डीएसपी राजबीर सिंह व डीएसपी सुरेश कुमार सैनी मौजूद रहे।