नारनौल। राजकीय महाविद्यालय नारनौल में इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर (रेवाड़ी) द्वारा आयोजित नौवें जोनल युवा महोत्सव ‘तरंग’ का रंगारंग आगाज बड़े उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ हुआ। महोत्सव के शुभारंभ की अध्यक्षता जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी एवं राजकीय महाविद्यालय नारनौल के प्राचार्य डॉ. अमित चौधरी ने की। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ नारनौल के विधायक एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं अपने कर-कमलों द्वारा किया।उद्घाटन समारोह में इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर की ओर से डीन छात्र कल्याण डॉ. करण सिंह, निदेशक अदिति शर्मा तथा सह-निदेशक सुशांत सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय के अधिकारियों, महाविद्यालय के प्राध्यापकों, आयोजन समिति के सदस्यों और विभिन्न महाविद्यालयों से पहुंचे विद्यार्थियों की उपस्थिति ने समारोह की गरिमा बढ़ाई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश यादव ने अपने संबोधन में कहा कि युवा महोत्सव विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभाओं को सामने लाने का सशक्त माध्यम हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना भी है। सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करती हैं। उन्होंने कहा कि हर विद्यार्थी में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है और ऐसे मंच उस प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।समारोह की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. अमित चौधरी ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय नारनौल के लिए यह गौरवपूर्ण अवसर है कि इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित नौवें जोनल युवा महोत्सव की मेजबानी का दायित्व महाविद्यालय को मिला है। उन्होंने कहा कि युवा महोत्सव विद्यार्थियों की रचनात्मकता, सांस्कृतिक अभिरुचि और कलात्मक क्षमताओं को अभिव्यक्त करने का बेहतरीन मंच है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की सकारात्मक भावना विकसित होती है तथा उन्हें अपनी प्रतिभा को विश्वविद्यालय एवं अन्य मंचों पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन और आयोजन में सहयोग देने वाले सभी महाविद्यालयों का आभार व्यक्त किया।महोत्सव के को-कन्वीनर डॉ. हवा सिंह ने आयोजन की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस नौवें जोनल युवा महोत्सव में जिला महेंद्रगढ़ के 21 महाविद्यालयों की टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए महाविद्यालय परिसर में पांच अलग-अलग मंच तैयार किए गए हैं।