महेंद्रगढ़। मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर बाजरा फसल के पंजीकरण को लेकर बुधवार को उपमंडल अधिकारी कनीना के कार्यालय में किसानों की भारी भीड़ जुटी। किसानों ने आरोप लगाया कि कार्यालय में नियुक्त कर्मचारी उनका पंजीकरण करने से इनकार कर रहे हैं और उन्हें बाजरा बेचने के लिए टोकन मिलने में परेशानी हो रही है। किसानों ने मामले को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एसडीएम के रीडर अनिल को सौंपा। किसानों का नेतृत्व समाजसेवी नेता अतरलाल एडवोकेट ने किया। ज्ञापन सौंपने पहुंचे सेहलंग, खेड़ी, तलवाना, भोजावास, खरकड़ाबास, धनौंदा, बेवल, मोड़ी, कनीना, करीरा, कोटिया, भड़फ, ककराला, गोमला, गोमली सहित विभिन्न गांवों के किसानों ने कहा कि उन्होंने मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण करवाने के लिए 22 सितंबर से ही अपने आवश्यक दस्तावेज कार्यालय में जमा करवा रखे हैं। इसके बावजूद उनका पंजीकरण नहीं किया गया। किसानों का आरोप है कि बुधवार को जब वे पंजीकरण के लिए नियुक्त कर्मचारियों के पास पहुंचे तो कर्मचारियों ने पंजीकरण करने से मना कर दिया। किसानों ने कहा कि उन्हें बाहर से पंजीकरण करवाने के लिए भी कहा जा रहा है, जबकि पंजीकरण का कार्य करने के लिए एसडीएम कार्यालय कनीना के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। कुछ किसानों ने कर्मचारियों पर पैसे लेकर पंजीकरण करने तथा किसानों से दुर्व्यवहार करने के आरोप भी लगाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि वंचित किसानों का पंजीकरण नहीं किया गया और उन्हें बाजरा बेचने का अवसर नहीं मिला तो किसान उपमंडल कार्यालय के समक्ष धरना देने को मजबूर होंगे। इस अवसर पर राजेश, धर्मपाल, अशोक, राजेंद्र सिंह नंबरदार, करतार सिंह, विजय, संतराम, आनंद, ओमकार, हरिसिंह, भीम सिंह सहित अनेक किसान मौजूद रहे। ---------------- - गलत शर्तों के कारण किसान परेशान : अतरलाल नेताजी अतरलाल एडवोकेट ने कहा कि सरकार और प्रशासन की ओर से बाजरा फसल के पंजीकरण तथा बाजरा खरीद के लिए लगाई गई शर्तों और दिशा-निर्देशों के कारण किसान परेशान हैं। उन्होंने कहा कि किसानों ने समय रहते अपने दस्तावेज जमा करवाए, लेकिन उनका पंजीकरण नहीं होने से अब उन्हें फसल बेचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।