महेंद्रगढ़ व कनीना क्षेत्र में हड़ताल का मिलाजुला असर रहा। महेंद्रगढ़ के हुड्डा पार्क में विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने एकत्रित होकर सरकार विरोधी नारेबाजी की। वहीं उप मंडल कनीना में कर्मचारी संघ ,राज्य कर्मचारी संगठन के आह्वान पर राष्ट्रीय हड़ताल को कनीना नगर पालिका सफाई कर्मचारी यूनियन ने समर्थन देते हुए धरना- प्रदर्शन किया। नगर पालिका कनीना के सफाई कर्मचारियों के प्रधान अनिल ने बताया कि देशभर में दस प्रमुख ट्रेड यूनियनों और कर्मचारी संगठनों द्वारा बुलाए गए इस राष्ट्रव्यापी आंदोलन का उद्देश्य सरकारी उपेक्षा, निजीकरण और ठेका प्रथा के खिलाफ विरोध कराना है। सरकार की नीतियों के कारण सफाई कर्मचारियों की नौकरियों पर निरंतर खतरा मंडरा रहा है। ठेका प्रथा और निजीकरण को बढ़ावा देने से नियमित रोजगार के अवसर समाप्त हो रहे हैं, जिससे कच्चे कर्मचारियों को स्थायी किए जाने की उम्मीद भी धूमिल होती जा रही है। यूनियन ने मांग की है कि सरकार कच्चे कर्मचारियों को पक्का करे, निजीकरण बंद करे, ठेका प्रथा खत्म करे और वेतन में उचित वृद्धि करे। यूनियन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अगर मांगों को अनसुना किया गया तो सफाई कर्मचारी सामूहिक रूप से हड़ताल जारी रखेंगे।