जुलाना: कस्बे के मुख्य बाजार में गंदे पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से परेशान दुकानदारों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। नाराज दुकानदारों ने बाजार में जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया और सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। दुकानदारों का आरोप है कि लंबे समय से बाजार में गंदे पानी की निकासी की समस्या बनी हुई है। इस संबंध में अधिकारियों से लेकर विधायक तक शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। बाद में एसडीएम के आश्वासन के बाद दुकानदारों ने जाम खोल दिया। मुरारी लाल, वेदपाल, राजेंद्र नरवाल, प्रेम,हरिओम ने बताया कि मुख्य बाजार में दुकानों के सामने गंदा पानी जमा होने से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पानी जमा रहने के कारण ग्राहकों को दुकानों तक पहुंचने में दिक्कत होती है। इससे बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। दुकानदारों का कहना है कि गंदे पानी के कारण बाजार का माहौल खराब हो रहा है और दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। बाक्स दुकानदारी प्रभावित, किराया देना भी हो रहा मुश्किल दुकानदारों ने कहा कि वे लंबे समय से इस समस्या से जूझ रहे हैं। दुकानों के सामने गंदा पानी जमा होने के कारण उनकी दुकानदारी पर सीधा असर पड़ रहा है। ग्राहकों की संख्या कम होने से दुकानदारों की आमदनी घट रही है। ऐसे में उनके लिए दुकानों का किराया और अन्य खर्च पूरे करना भी मुश्किल होता जा रहा है। दुकानदारों का कहना है कि जब बाजार में मूलभूत सुविधाएं ही उपलब्ध नहीं होंगी तो वे अपना कारोबार कैसे चला पाएंगे।उन्होंने कहा कि समस्या के समाधान के लिए कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत करवाया गया है। इसके बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की कि मुख्य बाजार में गंदे पानी की निकासी के लिए उचित व्यवस्था की जाए, ताकि पानी जमा होने की समस्या से स्थायी रूप से छुटकारा मिल सके। बाक्स आश्वासन के बाद खोला जाम एसडीएम होशियार सिंह ने दुकानदारों को समस्या के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद दुकानदारों ने जाम खोल दिया। दुकानदारों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन जल्द ही निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करवाएगा, ताकि उन्हें रोजाना होने वाली परेशानी से राहत मिल सके। फोटो कैप्शन: 19 जुलाना 02: बाजार में जाम लगाते दुकानदार।