झज्जर में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाने के लिए जिलाभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत शनिवार को जिला के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहे और नागरिकों से मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्राप्त कीं। रविवार, 30 अगस्त को भी सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान जारी रहेगा। डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने जिलावासियों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचे और नाम, पता व अन्य विवरण भी सही होने की पुष्टि करे। उन्होंने कहा कि त्रुटिरहित और पारदर्शी मतदाता सूची तैयार करने में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। डीसी ने बताया कि विशेष अभियान के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक उपस्थित रहेंगे। इस दौरान नागरिक मतदाता सूची की जांच करने के साथ-साथ नाम जोड़ने, विवरण में संशोधन कराने अथवा अपात्र नाम हटाने से संबंधित दावे एवं आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं।