झज्जर। पीएमश्री कन्या राजकीय स्कूल में प्राथमिक शिक्षकों का प्रशिक्षण शुक्रवार को भी जारी रहा। अलग-अलग गतिविधियों के बारे में शिक्षकों को मास्टर ट्रेनरों ने जानकारी दी। इस अवसर पर जिला निपुण समन्वयक डॉ. सुदर्शन पूनिया ने बताया कि जिले के सभी खंडों में प्रशिक्षण के दौरान गतिविधि-आधारित एवं बाल-केंद्रित शिक्षण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निपुण हरियाणा का लक्ष्य केवल बच्चों को कक्षा में सीखने के अवसर देना नहीं बल्कि विद्यालय, शिक्षक और अभिभावक तीनों को जोड़कर बच्चों के सीखने को निरंतर एवं प्रभावी बनाना है। पेरेंट्स ऐप इस दिशा में एक महत्वपूर्ण माध्यम है, जिसके माध्यम से अभिभावक घर पर भी बच्चों की सीखने की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं। वहीं बेरी के राजकीय माडल स्कूल में भी शिक्षकों का प्रशिक्षण शिविर का पांचवां दिन रहा। प्रशिक्षण में इस बात पर जोर दिया गया कि गणित केवल सही उत्तर प्राप्त करने का विषय नहीं है बल्कि बच्चों में गणितीय सोच, तर्क, समस्या-समाधान, अपने विचारों को गणितीय भाषा में व्यक्त करने की क्षमता विकसित करना इसका प्रमुख उद्देश्य है। मास्टर ट्रेनर मोनिका गुलिया व सुनीता ने शिक्षकों को अलग-अलग गतिविधियों की जानकारी प्रदान की।