झज्जर। धनखड़ बाराह के तहत आने वाले गांव कासनी निवासी एवं पेशे से अधिवक्ता व नंबरदार विश्वजीत धनखड़, उनके छोटे भाई कुलदीप धनखड़ ने अपने पिता स्व. कुढ़े नंबरदार की स्मृति में सर्वजातिय धनखड़ खाप के चबूतरे पर करीब 15 लाख रुपये की लागत से एक कमरा, बरामदा, रसोईघर एवं बाथरूम का निर्माण करवाकर खाप सरदारी को समर्पित किया। इस अवसर पर धनखड़ खाप से जुड़े डावला, रईया, रनखंडा, ग्वालिसन, हसनपुर, फतेहपुरी, कासनी, ढाकला, समसपुर माजरा, कुंजिया और ग्वालिसन-खेड़ी सहित विभिन्न गांवों की खाप सरदारी एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। विधिवत पूजा-अर्चना के बाद खाप कार्यालय का उद्घाटन किया गया। इस दौरान 12 गांव की सरदारी की उपस्थिति में खाप पंचायत का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता ईश्वर सिंह डावला ने की जबकि मंच संचालन पूर्व खाप प्रधान युद्धवीर धनखड़ ने किया। कार्यक्रम के दौरान चबूतरे के निर्माण में आर्थिक सहयोग करने वाले दानवीरों को खाप पंचायत की ओर से सम्मानित किया गया। कार्यालय निर्माण कार्य करवाने वाले अधिवक्ता विश्वजीत धनखड़ ने कहा कि उनके पिता एवं पूर्वज सदैव समाजहित के कार्यों में अग्रणी रहे हैं। उन्होंने भविष्य में हाल के निर्माण के लिए आवश्यकता अनुसार और सहयोग करने का आश्वासन भी खाप सरदारी को दिया। खाप प्रधान शमशेर धनखड़ कासनी ने बारह गांवों के सामूहिक सहयोग से खाप चबूतरे पर निर्माण कार्य के साथ-साथ समाज हित के कार्य भी भविष्य में निरंतर जारी रखे जाएंगे।