बहादुरगढ़। भारतीय पहलवान दीपक पूनिया ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की 97 किलोग्राम फ्रीस्टाइल कुश्ती स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया। 3 अक्टूबर को खेले गए कांस्य पदक मुकाबले में दीपक पूनिया ने मंगोलिया के पहलवान गनखुयाग गनबातार को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर पदक अपने नाम किया। दीपक पूनिया की इस उपलब्धि की खबर मिलते ही उनके घर में खुशी का माहौल बन गया। परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी मनाई। परिजनों ने दीपक की मेहनत और संघर्ष को याद करते हुए कहा कि यह पदक उनके लिए बेहद गर्व का क्षण है। खास बात यह है कि दीपक ने इस बार अपनी पारंपरिक 86 किलोग्राम की बजाय 97 किलोग्राम भार वर्ग में चुनौती पेश की। इससे पहले वह 86 किलोग्राम वर्ग में खेलते रहे हैं और पिछले एशियन गेम्स में इसी वर्ग में रजत पदक जीत चुके हैं। एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में दीपक को उज्बेकिस्तान के शेरज़ोद पोयोनोव के खिलाफ बेहद रोमांचक मुकाबले में 8-9 से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद उन्होंने कांस्य पदक मुकाबले में शानदार वापसी करते हुए 2-1 से जीत दर्ज की। दीपक की इस सफलता पर उनके परिवार, रिश्तेदारों और खेल प्रेमियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।