पलवाड़ा से ब्रजघाट जाने वाले मार्ग पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गाजियाबाद से काशीपुर जा रहा किताबों से भरा कैंटर सामने से आ रही कार को बचाने की कोशिश में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गया। हादसे में कैंटर चालक व क्लीनर को मामूली चोट लगी है। जनपद अमरोहा के हसनपुर क्षेत्र निवासी चालक हरविंद्र गाजियाबाद से कैंटर में किताबें भरकर काशीपुर जा रहे थे। उनके साथ गांव के ही रहने वाले क्लीनर अंकुर भी कैंटर में मौजूद थे। हरविंद्र टोल शुल्क बचाने के चक्कर में पलवाड़ा-ब्रजघाट मार्ग से होते हुए हाईवे की तरफ चल दिए। लेकिन, रास्ते में अचानक कैंटर के सामने विपरीत दिशा से तेज रफ्तार कार आ गई। जिसे बचाने की कोशिश करते हुए चालक कैंटर से नियंत्रण खो बैठा। जिस कारण कैंटर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गया। हादसे को देखकर राहगीरों ने पास के गांव के लोगों को सूचना दी। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर चालक व क्लीनर को कैंटर से बाहर निकाला। दोनों को मामूली चोट आई हैं। सूचना पर पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई है। सीओ राहुल यादव ने बताया कि क्रेन की मदद से कैंटर को खाई से निकलवाया जा रहा है। चालक व क्लीनर सुरक्षित हैं।