बहादुरगढ़। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर नगर परिषद बहादुरगढ़ के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल 26वें दिन भी जारी रही। सोमवार को हड़ताल पर बैठे कच्चे पे-रोल सफाई कर्मचारियों को नगर परिषद में ठेके पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों ने भी समर्थन दिया। इस दौरान सैकड़ों कर्मचारी हड़ताल में शामिल हुए। कर्मचारियों ने सरकार से 13 मई 2026 को सफाई कर्मचारियों और अग्निशमन विभाग के साथ हुए समझौते को लागू करने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, ठेका प्रथा समाप्त करने, हाईकोर्ट व सुप्रीम कोर्ट के फैसलों को लागू करने तथा एचकेआरएन को भंग करने की मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि 17 मांगों पर सहमति बनने के बावजूद सरकार की ओर से अभी तक मांगों को लेकर पत्र जारी नहीं किया गया और न ही संगठन को बातचीत के लिए बुलाया गया। बहादुरगढ़ इकाई के प्रधान राजेश बालगुहेर की अध्यक्षता में धरना जारी रहा, जबकि मंच संचालन सचिव अमित ने किया। जिला प्रधान राजेंद्र तुषामड़ सहित संगठन के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ रोष जताया। कर्मचारियों ने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।