झज्जर। भारत को 2030 तक बाल विवाह मुक्त बनाने के संकल्प के साथ देशभर में चल रही इस मुहिम की गूंज जिले में भी सुनाई दी। बाल, कम उम्र और जबरन विवाह के उन्मूलन के पहले अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर नागरिक समाज संगठन एमडीडी आफ इंडिया ने जिले में 160 जागरूकता और शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए। बाल विवाह से बचाई गई लड़कियों, बाल विवाह रुकवाने में अहम भूमिका निभाने वाली महिलाओं और विभिन्न क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर बदलाव की वाहक बनी महिला नेतृत्वकर्ताओं की अगुवाई में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लेकर बाल विवाह के खिलाफ एकजुटता दिखाई। इसमें धर्म गुरुओं ने भी हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में अपना बाल विवाह रुकवाने वाली बहादुर बेटियों को सम्मानित भी किया गया। जिला समन्वयक मनोज कुमार ने कहा कि पिछले तीन वर्षों से सरकार और जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के साथ मिलकर बाल विवाह के खात्मे के लिए लगातार काम कर रहे हैं। यह केवल एक अपराध को समाप्त करने का अभियान नहीं, बल्कि देश की बच्चियों को उनका बचपन, शिक्षा और अपने भविष्य को चुनने का अधिकार दिलाने की लड़ाई है। विकसित भारत का सपना तभी साकार हो सकता है, जब हमारी बेटियां शिक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर हों। निदेशक सुरिंद्र सिंह मान ने कहा कि बाल विवाह इस राह की सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है। हमारे लिए यह गर्व की बात है कि जिले में शुरू हुई हमारी यह मुहिम आज वैश्विक आंदोलन का रूप ले चुकी है। हमें विश्वास है कि सरकार, प्रशासन और समाज के सामूहिक प्रयासों से हम अपने जिले को बाल विवाह मुक्त बना सकेंगे।