परफेक्ट हेल्थ वीरांगना ग्रुप की ओर से रविवार को होली पर्व बड़े ही उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। होली फूलों और प्राकृतिक चीजों से तैयार किए गए गुलाल से खेली गई। पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए रासायनिक रंगों से दूरी बनाकर सभी ने सुरक्षित व सादगीपूर्ण होली का संदेश दिया। ग्रुप की 21 वीरांगनाओं ने उत्सव में भाग लेते हुए एक-दूसरे को प्राकृतिक गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। फूलों की खुशबू और रंगों की हल्की फुहारों ने माहौल को और भी आनंदमय बना दिया। होली में उड़े रे गुलाल, होली आई रे, चुनर वाली रंग बरसे और होली रे होली, चली रंगों की टोली गीतों पर सभी ने जमकर नृत्य किया। ग्रुप की संचालिका सुनील सिंह ने होली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व प्रेम, भाईचारे और सकारात्मक सोच का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक रंगों से होली खेलने से त्वचा और पर्यावरण दोनों सुरक्षित रहते हैं। रंग, संगीत और आपसी स्नेह से भरपूर यह आयोजन सभी के लिए यादगार बन गया और समाज को पर्यावरण अनुकूल होली मनाने की प्रेरणा दे गया।