हांसी में फायरिंग की वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों को संभलने तक का मौका नहीं दिया। महज एक घंटे के अंदर CIA1 हांसी ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी बारू के कब्जे से 32 बोर की अवैध पिस्टल और 7 जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। आपको बता दे कि हांसी के न्यू मिनी मॉडल टाउन में पारिवारिक विवाद के चलते शुरू हुआ विवाद उस वक्त खूनी संघर्ष में बदल गया, जब एक जीजा ने अपने दो सालों पर फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि दोनों भाई मौके से भाग निकले और उनकी जान बच गई।मामला खरक पूनिया गांव निवासी जसबीर और मनदीप से जुड़ा है। दोनों की बहन सरोज की शादी वर्ष 2010 में बास गांव निवासी बारू के साथ हुई थी। सरोज फिलहाल हांसी के न्यू मिनी मॉडल टाउन में रह रही थी। कल बहन से मारपीट की सूचना मिलने पर दोनों भाई उसकी ससुराल पहुंचे थे। इसी दौरान गली में जीजा और दोनों सालों के बीच कहासुनी चलते जीजा बारू पर आरोप है कि जान से मारने की नीयत से अवैध पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। एक गोली चलाने के बाद आरोपी ने दोबारा फायर करने का प्रयास किया, लेकिन इस बार हथियार से गोली नहीं चली। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। हांसी डीएसपी अक्षय कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए CIA-1 स्टाफ हांसी ने आरोपियों की तलाश शुरू की और वारदात के महज एक घंटे के अंदर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बारू और नरेश निवासी गांव बास, हाल मॉडल टाउन हांसी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी बारू के कब्जे से 32 बोर की अवैध पिस्टल और 7 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। डीएसपी अक्षय कुमार के मुताबिक पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध हथियार आरोपियों तक कहां से पहुंचा और इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका है या नहीं।फिलहाल आरोपियों के खिलाफ थाना शहर हांसी में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस की आगामी जांच जारी है।