टोहाना। शहर में बिजली समस्या से परेशान लोगों का गुस्सा शुक्रवार रात को फूट पड़ा। चंडीगढ़ रोड स्थित 33 केवी बिजलीघर के बाहर गुप्ता कॉलोनी और रामनगर के लोगों ने जाम लगाकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पिछले बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के कारण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। बिना बिजली के जीना मुश्किल हो गया है। बच्चों की पढ़ाई, घरों में पानी की सप्लाई और रोजमर्रा के काम बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। कई बार अधिकारियों को शिकायत दी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जाम की सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी संदीप कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझाया और बिजली विभाग के अधिकारियों से बात कर जल्द आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया। प्रदर्शनकारी ईशान, हरीश और विक्की ने बताया कि मजबूरी में उन्हें सड़क जाम करनी पड़ी। जाम खुलने के कुछ देर बाद ही क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल हो गई, जिसके बाद लोग शांत हुए।