रतिया। सोशल मीडिया पर सिख धर्म एवं धार्मिक हस्तियों के खिलाफ आपत्तिजनक व भड़काऊ पोस्ट डालने के मामले में करीब 14 दिन बाद भी कार्रवाई न होने पर सिख संगत का गुस्सा फूट पड़ा। सोमवार दोपहर बाद सिख समाज के प्रतिनिधि शहर थाने पहुंचे और पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली पर कड़ा रोष जताया। मामला बढ़ता देख पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। एसपी के निर्देश के बाद हरकत में आई पुलिस ने तुरंत आरोपी को थाने तलब किया, जहां आरोपी ने संगत के सामने लिखित में माफी मांगी। इसके बाद ही सिख समाज के लोगों का गुस्सा शांत हुआ। गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के सदस्य इकबाल सिंह, काका सिंह, गुरमैल सिंह, गुरचरण सिंह, फतेह सिंह भुल्लर और जरनैल सिंह के नेतृत्व में सिख संगत शहर थाने पहुंची थी। प्रतिनिधियों ने कहा कि 8 सितंबर को दी गई शिकायत पर दो सप्ताह बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे समुदाय में भारी रोष था।