टोहाना। शहर के रतिया रोड स्थित एडिशनल अनाज मंडी में बुधवार को हरियाणा मार्केटिंग बोर्ड के अध्यक्ष वेदपाल तंवर ने निरीक्षण किया। इस दौरान किसानों, आढ़तियों और मजदूरों ने उनका स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान किसान नेता लाभ सिंह और मनजीत सिंह ने मंडी की समस्याएं रखीं। उन्होंने बताया कि मंडी में पीने के पानी की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं है, पूरी मंडी में पानी का प्रबंध नहीं है, मॉइश्चर वाली मशीनें कम हैं और बारदाने की भारी किल्लत है। कई किसानों को अभी तक बारदाना नहीं मिला। इस पर चेयरमैन वेदपाल तंवर ने अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए कि पानी के लिए स्थायी एस्टीमेट बनाकर व्यवस्था की जाए और बारदाना तुरंत उपलब्ध कराया जाए। जब किसान नेता ने कहा कि इस पर आदेश दिए जाएं, तो चेयरमैन ने मुस्कुराते हुए बाहुबली फिल्म का डायलॉग दोहराया कि *"मेरा वचन ही मेरा फरमान है"*, इस पर काम होगा।