फतेहाबाद। जिले में डीएपी खाद की किल्लत के चलते किसानों की परेशानी कम नहीं हो रही है। खाद लेने के लिए किसानों को घंटों लाइनों में खड़ा रहना पड़ रहा है। शहर के एसबीआई रोड पर स्थित कृभको सेंटर पर मंगलवार को डीएपी खाद के 1300 बैग पहुंचने के बाद 130 किसानों के कूपन काटे गए। इसके बावजूद खाद की मांग और उपलब्धता के बीच अंतर के चलते किसानों को इंतजार करना पड़ रहा है। गेहूं की बिजाई का समय नजदीक आने के साथ ही किसानों को समय पर खाद मिलने की चिंता सता रही है। कृभको सेंटर पर डीएपी खाद पहुंचने की सूचना मिलने के बाद किसान खाद लेने के लिए पहुंचने लगे। खाद वितरण के लिए किसानों के कूपन काटे गए, ताकि निर्धारित व्यवस्था के तहत खाद उपलब्ध करवाई जा सके। सीमित मात्रा में खाद पहुंचने के कारण सभी किसानों की जरूरत पूरी होना मुश्किल बना हुआ है।