रतिया। शक्ति नाटक क्लब की ओर से हर वर्ष की तरह इस बार भी दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। 20 अक्टूबर को सीनियर मॉडल संस्कृति बॉयज स्कूल के मैदान में दशहरा उत्सव का आयोजन होगा। इस दौरान जिले के सबसे बड़े करीब 60 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। अग्रवाल सभा के प्रधान प्रमोद बंसल कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। क्लब के प्रधान राजेश सेतिया और कोषाध्यक्ष अंशुल बत्रा ने टीम के सदस्यों के साथ दशहरा मैदान का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम शाम चार बजे शुरू होगा और सूर्यास्त से पहले रावण दहन किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। दशहरा उत्सव में शहर की विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा गणमान्य लोग भी शामिल होंगे। इस दौरान प्रसिद्ध भजन गायक प्रिंस हैरी सहित अन्य कलाकार भजनों और गीतों से लोगों का मनोरंजन करेंगे। सुबह 10 बजे निकलेगी झांकियां क्लब प्रतिनिधियों ने बताया कि मंगलवार सुबह 10 बजे रामलीला ग्राउंड से शोभायात्रा और झांकियां निकाली जाएंगी। यह यात्रा टोहाना रोड, फतेहाबाद रोड, बुढलाडा रोड और मुख्य बाजार से होते हुए दशहरा मैदान पहुंचेगी। सागर आर्ट ग्रुप दिल्ली की ओर से भगवान हनुमान, अघोरी और भोलेनाथ की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। इसके साथ ही धार्मिक प्रसंगों पर आधारित नाटक भी दिखाए जाएंगे। इस अवसर पर दिनेश कक्कड़, रमेश जताना, अनिल रूखाया, करनैल सिंह, प्रिंस, कालू तनेजा और विपुल मिड्ढा सहित क्लब के अन्य सदस्य मौजूद रहे।