भिवानी। लोहारू में रिद्धि-सिद्धि बुटीक की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोहारू के एसडीएम मनोज दलाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि महिला एवं बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष तृप्ति श्योराण ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान सिलाई का प्रशिक्षण लेकर कोर्स पूरा कर चुकी जरूरतमंद महिलाओं और युवतियों को निशुल्क सिलाई मशीनें वितरित की गईं। कार्यक्रम में अतिथियों ने महिलाओं को हुनरमंद बनाने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सिलाई जैसे व्यावसायिक कौशल का प्रशिक्षण महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकता है। इससे वे घर बैठे रोजगार शुरू कर सकती हैं और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में योगदान दे सकती हैं।