भिवानी। सीआईए द्वितीय भिवानी की टीम ने संगठित गिरोह के सदस्य को पालुवास भिवानी से गिरफ्तार किया है। आरोपी द्वारा जिले के व्यापारियों को चिन्हित कर विदेश में बैठे अपराधियों तक उनके मोबाइल नंबर पहुंचाए जाते थे, जिसके बाद व्यापारियों से फिरौती की मांग की जाती थी। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय से पांच दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया है। सीआईए द्वितीय भिवानी के उप निरीक्षक प्रदीप 31 अगस्त को अपनी टीम के साथ गश्त एवं पड़ताल ड्यूटी भिवानी मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस टीम को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि पालुवास मोड़ भिवानी पर एक व्यक्ति खड़ा है, जो संगठित आपराधिक वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का सदस्य है। सूचना के महत्व को देखते हुए पुलिस टीम ने तुरंत बताए गए स्थान पर दबिश देकर निशांत निवासी कितलाना जिला भिवानी को काबू किया। आरोपी द्वारा विदेश में बैठे भगोड़े अपराधियों को जिले के व्यापारियों की जानकारी उपलब्ध कराई जाती थी तथा उनके कहने पर व्यापारियों को डराने-धमकाने एवं फायरिंग जैसी वारदातों को अंजाम देने की भूमिका निभाई जाती थी। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस द्वारा आरोपी से अपराध से संबंधित गहनता से पूछताछ की जाएगी। इससे पूर्व अभियोग में आरोपी अमित व प्रीतम को गिरफ्तार किया था। पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार ने जिला पुलिस एवं अपराध शाखा प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में किसी भी प्रकार के संगठित गिरोह बनाकर आपराधिक वारदातों को अंजाम देने वाले अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे अपराधियों एवं गिरोह के सदस्यों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई अमल में लाते हुए उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजने का कार्य किया जाएगा। संगठित अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिला पुलिस द्वारा ऐसे गिरोहों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। संवाद