पलवल में संडे ऑन साइकिल अभियान के 100वें संस्करण पर सैकड़ों युवाओं ने साइकिल रैली निकालकर फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। मेरा युवा भारत पलवल की ओर से रविवार को एक निजी कॉलेज में आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम में कॉलेज निदेशक डॉ. एसके गुप्ता ने युवाओं से साइकिलिंग, योग और व्यायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। वहीं, अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज शांतनु ठाकुर ने नियमित अभ्यास और फिटनेस के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। आयोजकों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य युवाओं को शारीरिक गतिविधियों के प्रति जागरूक करना, खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। साइकिलिंग सेहत के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाती है।