नोएडा सेक्टर-131 स्थित प्रोमेथियस स्कूल में दो दिवसीय 'प्रोमेथियस स्विमिंग चैंपियनशिप' का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न स्कूलों से आए करीब 250 छात्र-छात्राओं ने अपनी तैराकी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता के पहले दिन बालिका वर्ग की स्पर्धाएं आयोजित की गईं, जिसमें तैराकों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। तैराकों ने अपनी गति और तकनीक से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। चैंपियनशिप के दूसरे दिन बालक वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इस अवसर पर स्कूल के फाउंडर चेयरमैन मुकेश शर्मा ने कहा कि खेलों से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जिस तरह शिक्षा महत्वपूर्ण है, उसी तरह खेल भी बच्चों के जीवन का अभिन्न हिस्सा होने चाहिए। हमारा लक्ष्य स्कूली स्तर पर ही बच्चों को ऐसा मंच प्रदान करना है, जिससे वे भविष्य में ओलंपिक जैसे बड़े आयोजनों के लिए तैयार हो सकें। प्रतियोगिता में स्टेप बाय स्टेप, जेनेसिस ग्लोबल, पाथवेज और श्री राम ग्लोबल जैसे 20 प्रमुख स्कूलों के 8 से 19 आयु वर्ग के तैराकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।