नोएडा। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) संविदा कर्मचारी संघ के आह्वान पर जिले में स्वास्थ्य कर्मियों का कार्य बहिष्कार और तेज हो गया है। अधिकतर एनएचएम संविदाकर्मी धरना प्रदर्शन के लिए लखनऊ कूच कर गए हैं। इसके साथ ही कुछ संविदा कर्मियों व एएनएम की ओर से सेक्टर 39 स्थित सीएमओ कार्यालय में धरना प्रदर्शन जारी रहा। सभी स्टाफ के कार्य बहिष्कार से मरीजों का इलाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। एएनएम की हड़ताल से बच्चों के टीकाकरण में बाधा आ रही है। स्वास्थ्य विभाग की आंतरिक रिपोर्ट के मुताबिक, गौतमबुद्ध नगर के सभी प्राथमिक, सामुदायिक और जिला स्तरीय स्वास्थ्य केंद्रों पर कुल कार्यबल का करीब 50 फीसदी हिस्सा संविदा कर्मचारियों का है, जबकि शेष 50 फीसदी ही नियमित स्टाफ है। ऐसे में आधे कर्मचारियों द्वारा कामकाज ठप करने से अस्पतालों की व्यवस्था लड़खड़ा गई है। नियमित स्टाफ पर मरीजों का दबाव दोगुना हो गया है, जिससे पर्चा काउंटर, डॉक्टर कक्ष और दवा वितरण केंद्रों पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी हुई है। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं पर इस हड़ताल का सीधा और गंभीर असर आम मरीजों पर पड़ा है। जिले की 6 सीएचसी, 16 यूपीएचसी, 21 पीएचसी और 14 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में प्रतिदिन औसतन 2,500 मरीज उपचार के लिए आते हैं। यहां सीएचओ और पैरामेडिकल स्टाफ की गैरमौजूदगी से प्राथमिक जांच व दवा वितरण का काम बुरी तरह प्रभावित है।