नोएडा एन्ट्रेप्रिनियोर्स एसोसिएशन (एनईए) भवन सेक्टर-6 में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, गौतमबुद्ध नगर एवं एनईए की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में उद्योगों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षण और अप्रेंटिस योजना को प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई। आईटीआई के प्रधानाचार्य अवनेन्द्र पांडे ने कहा कि आईटीआई का वजूद उद्योगों से है। उद्योगों की जरूरतों को देखते हुए विभिन्न ट्रेड में प्रशिक्षण दिया जाता है। किसी भी उद्यमी को श्रमिकों की आवश्यकता हो तो वे सीधे आईटीआई आकर बच्चों का चयन कर सकते हैं और प्रशिक्षण के दौरान अपनी इकाई में ले जाकर उद्योग की बुनियादी जरूरतों से अवगत करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि उद्यमी आईटीआई छात्रों को अप्रेंटिस के तौर पर भी रख सकते हैं, जिसके लिए सरकार ने पोर्टल बनाया है और प्रति प्रशिक्षु 1500 रुपये प्रतिमाह भत्ता दिया जाता है। एनईए अध्यक्ष विपिन कुमार मल्हन ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों का माइंड सेट ऐसा बनाया जाए कि वे उद्योग में जाकर एक सप्ताह में कुशल श्रमिक बन सकें। इससे उद्योगों को लाभ होगा और श्रमिक भी तरक्की कर सकेगा। बैठक में एनईए अध्यक्ष विपिन कुमार मल्हन, महासचिव वी.के. सेठ, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राकेश कत्याल, धर्मवीर शर्मा, कोषाध्यक्ष शरद चन्द्र जैन, आर.एम. जिंदल, प्रभात मेहता, सचिव कमल कुमार, राहुल नैय्यर, सह सचिव संदीप विरमानी, झुमा विश्वास नाग, नमन मल्हन, नवनीत शर्मा, कार्तिक कमल कुमार, आशीष जिंदल, नवनीत अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में उद्यमी मौजूद रहे।