नोएडा सेक्टर-24 स्थित ईएसआईसी अस्पताल में कार्यरत 31 आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को अचानक नौकरी से निकाले जाने के बाद कर्मचारियों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कर्मचारियों का आरोप है कि 9 अक्तूबर रात करीब 10:30 बजे बिना अचानक नोटिस के माध्यम से नौकरी से निकाल दिया गया और कहा गया कि कल से नहीं आना है। इसके विरोध में सोमवार को कर्मचारियों ने अस्पताल में शांतिपूर्वक धरना दिया और अस्पताल प्रशासन से अपनी मांग रखी, लेकिन कोई हल नहीं निकला। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों में नर्सिंग ऑर्डिनली, कुक, लॉन्ड्री ऑपरेटर समेत अन्य स्वास्थ्य कर्मी शामिल हैं, जो बीते कई साल 2017, 2018, 2021 और 2022 से अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रहे थे। कर्मचारियों का कहना है कि आगामी त्योहार से पहले इस तरह अचानक निकाले जाने से उनके परिवारों के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। यदि कर्मचारियों को पूर्व सूचना मिली होती तो वह अपनी आजीविका का कुछ प्रबंध कर सकते थे, लेकिन अस्पताल की ओर से अचानक नोटिस जारी हुआ कि उन्हें कल से ड्यूटी पर नहीं आया है।