29 नवंबर को प्रदेशभर में चौथा विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। ‘कोई मतदाता न छूटे’ के ध्येय वाक्य के साथ सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहे और नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन और अन्य सेवाएं दीं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने गौतमबुद्धनगर में विधानसभा क्षेत्र 61-नोएडा के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज व कंपोजिट विद्यालय सेक्टर-12, प्राथमिक विद्यालय व समरविले स्कूल सेक्टर-22, हाईराइज सोसाइटी लोटस पनास सेक्टर-110 और पार्क्स लॉरिएट सेक्टर-108 के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ के कार्यों, मतदाताओं की सहभागिता और बूथ लेवल एजेंटों के सहयोग की समीक्षा की। इस दौरान बीएलए, आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और नागरिकों से संवाद कर अभियान के अनुभव जाने। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विशेष अभियान दिवस का उद्देश्य सिर्फ नाम जोड़ना नहीं, बल्कि नागरिकों को निर्वाचन प्रक्रिया, फार्मों की जानकारी और ईसीआईनेट ऐप व नागरिक सेवा पोर्टल https://voters.eci.gov.in जैसी ऑनलाइन सुविधाओं के प्रति जागरूक करना भी है। बीएलओ के साथ सुपरवाइजर, एईआरओ, ईआरओ, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला निर्वाचन अधिकारी और रोल प्रेक्षक भी क्षेत्रों में भ्रमण कर निगरानी कर रहे हैं।