गुरुग्राम। भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के इंस्टाग्राम अकाउंट बंद किए जाने के विरोध में हरियाणा युवा कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मेटा के कार्यालय पर ताला जड़कर विरोध जताया। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। हालांकि, बाद में सभी को छोड़ दिया गया। प्रदर्शन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने मेटा की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकार और भाजपा की नीतियों की आलोचना करने वाली विपक्षी आवाजों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। यदि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म भी इस तरह की कार्रवाई करेंगे तो लोकतंत्र में आम जनता अपनी बात कहां रखेगी। निशित कटारिया ने कहा कि मेटा एक अंतरराष्ट्रीय कंपनी है और उसका दायित्व निष्पक्ष एवं पारदर्शी डिजिटल मंच उपलब्ध कराना है। किसी भी राजनीतिक दल के पक्ष या विपक्ष में काम करने के बजाय उसे अपने नियमों का समान रूप से पालन करना चाहिए।