ओल्ड गुरुग्राम में मेट्रो विस्तार परियोजना को गति देने के लिए गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) ने दूसरे चरण के सिविल कार्यों के लिए 1662.53 करोड़ रुपये का ग्लोबल टेंडर जारी कर दिया है। इसके तहत मिलेनियम सिटी सेंटर से साइबर सिटी के बीच सेक्टर-9 मेट्रो स्टेशन को छोड़कर उसके आगे से सेक्टर सात से साइबर सिटी तक वायाडक्ट और एलिवेटेड मेट्रो स्टेशनों का निर्माण किया जाएगा। परियोजना को पूरा करने के लिए 30 महीने की अवधि तय की गई है। बोली जमा करने की अंतिम तारीख 18 नवंबर 2026 है। पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर-9 तक मेट्रो निर्माण और बसई से सेक्टर-101, द्वारका एक्सप्रेसवे तक स्पर लाइन का काम चल रहा है। पहले चरण में 14 स्टेशन बनाए जाने हैं। दूसरे चरण में सेक्टर-7, सेक्टर-4, सेक्टर-5, अशोक विहार, सेक्टर-3, बजघेड़ा रोड, पालम विहार एक्सटेंशन, पालम विहार, सेक्टर-23ए, सेक्टर-22, उद्योग विहार फेज-4, उद्योग विहार फेज-5 और साइबर सिटी स्टेशन का निर्माण शामिल है। ओल्ड गुरुग्राम को जोड़ने वाली मेट्रो लाइन की कुल लंबाई 28.05 किलोमीटर होगी। इस पर 27 स्टेशन प्रस्तावित हैं।