गुरुग्राम शहर में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) बसई नहरी जल शोधन संयंत्र से सेक्टर-16 बूस्टिंग स्टेशन तक 11.5 किलोमीटर लंबी नई मास्टर पाइप लाइन बिछा रहा है। इसके लिए सेक्टर-15 से पाइप लाइन डालने का काम चल रहा है। परियोजना पर करीब 57.41 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सेक्टर-16 स्थित बूस्टिंग स्टेशन तक पानी पहुंचाने वाली पुरानी पाइप लाइन को बदलकर नई लाइन डाली जाएगी। योजना के तहत बसई संयंत्र से बूस्टिंग स्टेशन तक 311 एमएलडी पानी पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए अलग-अलग हिस्सों में 1300 मिमी, 1800 मिमी और 1600 मिमी व्यास की पाइप लाइन बिछाई जाएंगी। इसके अतिरिक्त 800 मिमी व्यास की पाइप लाइन भी डाली जानी है।