गाजियाबाद में मोदी चीनी मिल के नवीन गन्ना पेराई सत्र 2026-27 का शनिवार को हवन-पूजन के साथ शुभारंभ हुआ। उपजिलाधिकारी कोमल पंवार,सहाकरी गन्ना समिति के चेयरमैन राजन चौधरी, ब्लॉक प्रमुख सुचेता सिंह,उमेश मोदी ग्रुप के सीईओ एनीपी बंसल,मिल के उपाध्यक्ष वेदपाल मलिक आदि ने क्षेत्र के किसानों के साथ मिलकर कैन करियर में गन्ना डालकर नवीन पेराई सत्र की शुरूआत की। अतिथियों ने चीनी मिल का शुभारंभ होने पर किसानों और मिल प्रबंधन को बधाई दी। उपजिलाधिकारी कोमल पंवार ने जलालाबाद गांव के किसान श्योराज सिंह को पहली ट्रैक्टर ट्रॉली से गन्ना आपूर्ति करने के लिए प्रथम पुरस्कार दिया। गन्ना समिति के चेयरमैन राजन चौधरी ने सीकरी कलां गांव के किसान सुरेंद्र को दूसरा पुरस्कार प्रदान किया। उपजिलाधिकारी कोमल पंवार ने मोदी चीनी मिल के संस्थापक सेठ रायबहादुर गूजरमल मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मोदी केवल उद्योगपति नहीं थे, उन्होंने मोदीनगर में उद्योगों के साथ टाॅउनशिप की भी स्थापना की। कोमल पंवार ने बीते पेराई सत्र 2025-26 का संपूर्ण भुगतान करने के लिए सेठ उमेश मोदी की प्रशंसा की। मिल के महाप्रबंधक डीडी कौशिक और उपाध्यक्ष वेदपाल मलिक ने कहा कि चीनी मिल द्वारा गन्ना किसानों के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इस बार 95 लाख क्विंटल गन्ना पेराई का लक्ष्य रखा गया है। लक्ष्य प्राप्ति के लिए मिल प्रबंधन की ओर से पूरी तैयारी की गई है। पेराई सत्र का औपचारिक शुभारंभ आगामी 4 नवंबर से होगा। इस अवसर पर महाप्रबंधक (गन्ना) राहुल त्यागी, निवाड़ी चेयरमैन अनिल त्यागी, पूर्व चेयरमैन अमरजीत सिंह बिड्डी, नेपाल सिंह, सतपाल तेवतिया, ओमपाल सिंह,दीपक त्यागी खिमावती, अमित विद्यापुर, लालाराम बापू,पप्पी नेहरा,पप्पन शर्मा आदि समेत कई मौजूद थे।