कुड़कावाला बस्ती में आवारा कुत्तों के झुंड ने बाड़े में घुसकर भेड़-बकरियों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में करीब 37 भेड़-बकरियां घायल हो गईं, जिससे पशुपालक जॉनी को भारी नुकसान हुआ है। घटना के बाद क्षेत्र के पशुपालकों में भी दहशत का माहौल है। नगर पालिका के सभासद रियासत अली मोंटी ने बताया कि पशुपालक जॉनी की करीब 37 भेड़-बकरियां आवारा कुत्तों के हमले में घायल हुई हैं। कुत्ते बाड़े में घुस आए और उन्होंने भेड़-बकरियों पर हमला कर दिया। वहीं, समाजसेवी प्रेम पांचाल ने प्रशासन से पीड़ित पशुपालक को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पशुपालक को हुए नुकसान की भरपाई के लिए प्रशासन को तत्काल आवश्यक कदम उठाने चाहिए। स्थानीय लोगों ने भी क्षेत्र में बढ़ते आवारा कुत्तों के आतंक पर चिंता जताते हुए नगर पालिका और प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।