कोरबा जिले में सर्पदंश की घटनाओं के बीच बुधवार देर रात एक जहरीला सांप मिलने से दहशत फैल गई। कोरबा के सुभाष ब्लॉक कॉलोनी में वीर सिंह के घर के मुख्य दरवाजे पर अहिराज सांप बैठा मिला। आधी रात को काले-पीले धारीदार सांप को देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।
यह घटना बुधवार रात करीब 11:30 बजे की है। परिवार के सदस्य सोने की तैयारी कर रहे थे, तभी दरवाजे के पास हलचल महसूस हुई। टॉर्च की रोशनी में देखा तो काले और पीले रंग का धारीदार सांप कुंडली मारकर बैठा था। सांप को देखते ही परिवार के लोग घबराकर घर के अंदर चले गए। उन्होंने तुरंत सर्प बचाव विशेषज्ञ जितेंद्र सारथी को सूचना दी। सारथी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सावधानी से स्थिति का जायजा लिया और विशेष उपकरणों से अहिराज सांप का सुरक्षित बचाव किया। सांप पकड़े जाने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली। बाद में सांप को उसके प्राकृतिक रहवास जंगल में छोड़ दिया गया।
अहिराज सांप की विशेषताएं
जितेंद्र सारथी ने बताया कि अहिराज भारत के सबसे जहरीले सांपों में से एक है। इसका जहर तंत्रिका तंत्र को प्रभावित करने वाला होता है, जो बेहद खतरनाक है। यह सांप सामान्यतः रात के समय अधिक सक्रिय रहता है। यह अक्सर घरों और दरवाजों के पास ठंडी जगहों पर आ जाता है। इससे दूरी बनाए रखना बहुत जरूरी है।
विशेषज्ञ की अपील
जितेंद्र सारथी ने लोगों से अपील की है कि घर या आसपास सांप दिखाई देने पर उसे मारने या खुद पकड़ने की कोशिश न करें। घबराने के बजाय तुरंत प्रशिक्षित बचाव दल या वन विभाग को सूचना दें। वीर सिंह और उनके परिवार ने देर रात मदद करने के लिए जितेंद्र सारथी और उनकी संस्था की टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समय पर बचाव होने से एक बड़ा हादसा टल गया।