फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हॉस्टल में फंदे पर मिला 10वीं के छात्र का शव: कांग्रेस के तीनों विधायक बोले- मौत संदिग्ध, न्यायिक जांच की मांग

Sat, 12 Sep 2026 09:14 PM IST
बालोद ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, बालोद

बालोद जिले के डौंडी स्थित आदर्श एकलव्य आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में 10वीं कक्षा के छात्र विनय कुमार की मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। छात्र का शव उस समय हॉस्टल में फंदे पर लटका मिला था, जब अन्य छात्र पीटी के लिए गए हुए थे। घटना के बाद से ही छात्र की मौत को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। अब बालोद जिले के तीनों कांग्रेस विधायक मृतक के गांव पहुंचे और परिवार से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मृतक के घर पहुंचे जिले के तीनों विधायक
डोंडीलोहारा विधायक एवं पूर्व मंत्री अनिला भेड़िया, गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद और संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा डोंडीलोहारा ब्लॉक के ग्राम रीवागहन पहुंचे। यहां उन्होंने मृतक विनय कुमार के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। विधायकों ने परिजनों से बातचीत के दौरान छात्र की पढ़ाई, उसके व्यवहार और हॉस्टल से जुड़ी परिस्थितियों के बारे में जानकारी ली। उनके मुताबिक, परिवार की बातचीत से ऐसा कोई स्पष्ट संकेत सामने नहीं आया कि छात्र किसी तनाव में था।

पढ़ाई को लेकर पिता से की थी भविष्य की चर्चा
विधायकों ने बताया कि विनय पढ़ाई में अच्छा था और उसने अपने पिता से भविष्य में किस विषय को लेकर आगे की पढ़ाई करनी है, इस संबंध में भी बातचीत की थी। विधायकों का कहना है कि परिवार के मुताबिक छात्र को हॉस्टल में भी किसी तरह की परेशानी नहीं थी। ऐसे में उसकी अचानक हुई मौत को लेकर परिस्थितियां सवाल खड़े करती हैं। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

विधायक बोले- परिस्थितियां संदेह पैदा करती हैं
गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि मौके और परिवार से बातचीत के बाद घटना की परिस्थितियां उन्हें संदेहास्पद लग रही हैं। उन्होंने कहा कि मामले को लेकर वे नेता प्रतिपक्ष और विधानसभा अध्यक्ष से चर्चा कर जांच कमेटी गठित करने की मांग करेंगे। पूर्व मंत्री अनिला भेड़िया ने कहा कि परिवार पर दुख का बड़ा पहाड़ टूटा है और उन्हें न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की जरूरत बताई।

संगीता सिन्हा बोलीं- आदिवासी छात्र की मौत यूं नहीं जाने देंगे
संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा ने कहा कि तीनों विधायक मामले की जांच के लिए लिखेंगे और जांच कमेटी के गठन की दिशा में भी प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि एक आदिवासी छात्र की मौत को ऐसे ही नहीं जाने दिया जा सकता और निष्पक्ष जांच जरूरी है। फिलहाल छात्र की मौत की परिस्थितियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस और प्रशासनिक जांच में सामने आने वाले तथ्यों के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छात्र की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें