किसी ने बेचा सोना, कोई मंगेतर के लिए खरीद रहा आईफोन 18 प्रो: एपल को लेकर लोगों में दिखी जबरदस्त दीवानगी

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Fri, 18 Sep 2026 02:36 PM IST
सार

भारत में आईफोन 18 प्रो सीरीज की बिक्री शुरू होते ही एपल स्टोर के बाहर खरीदारों की लंबी कतार नजर आई। किसी ने पत्नी के लिए फोन खरीदने को सोना बेच दिया, तो कोई मंगेतर को गिफ्ट देने के लिए लाइन में मशक्कत करता दिखा। जानिए आईफोन 18 प्रो को लेकर लोगों में कैसा उत्साह रहा।

man sold gold to buy iPhone 18 pro for wife people without pre order returned apple store
आईफोन 18 प्रो सीरीज को लेकर लोगों में दिखा जबरदस्त उत्साह। - फोटो : पीटीआई

    विस्तार

    भारत में शुक्रवार से आईफोन 18 प्रो (iPhone 18 Pro) और आईफोन 18 प्रो मैक्स (iPhone 18 Pro Max) की सेल शुरू हो गई है। हर साल की तरह इस बार भी एपल के नए स्मार्टफोन्स को लेकर लोगों में गजब की दीवानगी देखने को मिल रही है। देश के अलग-अलग शहरों के एपल स्टोर पर गुरुवार की रात से ही लोगों का जमावड़ा लगने लगा। वहीं कई लोग तड़के सुबह आईफोन खरीदने के लिए एपल स्टोर पर खड़े दिखे। नोएडा के डीएलएफ मॉल ऑफ इंडिया स्थित एपल स्टोर के बाहर सुबह खुलने से पहले ही लंबी कतार लग गई। कोई पत्नी के लिए फोन खरीदने पहुंचा, तो कोई होने वाली पत्नी को गिफ्ट देने के लिए आईफोन खरीदने की मशक्कत करता दिखा।

    सोना बेचकर आईफोन खरीदने निकला शख्स

    नोएडा एपल स्टोर के सुबह 8 बजे खुलने से काफी पहले खरीदार पहुंच गए थे। स्टोर के बाहर कतार में सबसे आगे खड़े दिल्ली के एक शख्स ने अपनी दिलचस्प कहानी साझा की। उसने बताया कि वह अपनी पत्नी को नया आईफोन 18 प्रो गिफ्ट करने आया है। उसकी पत्नी ने फोन का खास 'बरगंडी' कलर मांगा था। जब उससे पूछा गया कि उसने इस अपग्रेड के लिए आईफोन 18 प्रो का ही इंतजार क्यों किया, तो उसने कहा, "आज पैसा है, पहले नहीं था। आगे होगा या नहीं, यह किसने देखा है, बस आज हम जी रहे हैं।" हैरानी की बात यह थी कि इस शानदार गिफ्ट को खरीदने के लिए उस शख्स ने अपना सोना बेच दिया था। उसने बेबाकी से कहा, "सोना बेचकर ही तो ये लेने आए हैं।"

    यह भी पढ़ें: आईफोन 18 प्रो और प्रो मैक्स की सेल आज से शुरू: किस मॉडल की कीमत कितनी; कहां से खरीद पाएंगे फोन? जानें सबकुछ

    मंगेतर के लिए आईफोन खरीदने पंजाब से पहुंचा नोएडा

    आईफोन का यह बुखार सिर्फ दिल्ली-एनसीआर तक सीमित नहीं है। पंजाब के गुरदित्ता सिंह अपने दोस्त के साथ सुबह 6 बजे से ही स्टोर के बाहर कतार में लगे थे। वे जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाले हैं और अपनी मंगेतर को आईफोन 18 प्रो गिफ्ट करना चाहते थे। गुरदित्ता ने मंगेतर के लिए आईफोन 18 प्रो और खुद के लिए आईफोन 18 प्रो मैक्स खरीदा। उन्होंने इन दोनों फोन्स पर 3.5 लाख रुपये से ज्यादा खर्च किए।

    'कीमतों का कोई असर नहीं, हम मैनेज कर लेंगे'

    आईफोन 18 प्रो सीरीज की कीमतों में हुए इजाफे का आईफोन के दीवानों पर कोई खास असर नहीं दिखा है। स्टोर पर मौजूद आईफोन 18 प्रो खरीदने आए एक कपल ने कहा, "कीमत जरूर बढ़ी है, लेकिन आईफोन लवर्स इसे हर हाल में खरीदेंगे।" यह कपल एपल के आगामी फोल्डेबल फोन 'आईफोन डुओ' (iPhone Duo) को भी लेकर काफी उत्साहित दिखा। वहीं, हरियाणा से आए एक शख्स ने भी बढ़ी हुई कीमतों पर साफ कहा, "इससे कोई दिक्कत नहीं है, हम मैनेज कर लेंगे।"

    बिना प्री-ऑर्डर वालों को मायूसी

    कतारों में छात्र, व्यापारी और नौकरीपेशा लोग शामिल थे, जिनमें से कई ने फोन खरीदने के लिए अपने ऑफिस से छुट्टी तक ले ली थी। हालांकि, स्टोर पर पहुंचे हर शख्स की मुराद पूरी नहीं हुई। जिन लोगों ने पहले से फोन प्री-ऑर्डर नहीं किया था, उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा। इस नियम से मायूस एक व्यक्ति ने तो यहां तक कह दिया, "हमें पता नहीं था कि प्री-ऑर्डर करना जरूरी है, अब देखते हैं अंदर घुसने के लिए कुछ पैसे देकर काम बन जाए।"

    यह भी पढ़ें: ₹1 लाख से भी कम में घर लाएं नया आईफोन 18 प्रो: एपल के इस खास प्रोग्राम का उठाएं फायदा, समझिए पूरा प्रोसेस

    आईफोन 18 प्रो और प्रो मैक्स के फीचर्स

    आईफोन 18 प्रो को 1,64,900 रुपये की शुरुआती कीमत पर लाया गया है, जबकि 18 प्रो मैक्स की शुरुआती कीमत 1,79,900 रुपये रखी गई है। दोनों कीमतें 256GB के बेस मॉडल के लिए है। एपल ने दोनों फोन को 256GB, 512GB, 1TB और 2TB स्टोरेज विकल्पों में पेश किया है। दोनों फोन्स को ब्लैक, सिल्वर, ग्लेसियर और बरगंडी रंगों में बेचा जा रहा है।

    इस बार एपल ने कैमरा और परफॉर्मेंस पर खास जोर दिया है। दोनों फोन में ए20 प्रो चिप और नेक्स्ट-जेनरेशन वेपर चेंबर दिया गया है। मेन कैमरे में 48 मेगापिक्सल सेंसर के साथ वेरिएबल अपर्चर फीचर मिलता है, जिससे फोटोग्राफी में डेप्थ ऑफ फील्ड और लो-लाइट पर ज्यादा कंट्रोल मिलता है।आईफोन 18 प्रो में 6.3 इंच और आईफोन 18 प्रो मैक्स में 6.9 इंच का ओएलईडी डिस्प्ले है। प्रो मैक्स मॉडल 43 घंटे तक वीडियो प्लेबैक देने का दावा करता है। दोनों में आईओएस 27 और नई सिरी एआई जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं।

    और पढ़ें...
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें