Telecom: देश में लगेंगे BSNL के 1 लाख स्वदेशी 4G टावर, 5G में हों सकेंगे अपग्रेड, सरकारी कंपनी का बड़ा प्लान
BSNL 4G Towers:
अब तक केवल चीन, फिनलैंड, स्वीडन और दक्षिण कोरिया ही ऐसे देश थे जिनके पास अपनी टेलीकॉम स्टैक बनाने की क्षमता थी। लेकिन अब भारत भी इस सूची में शामिल हो गया है।

विस्तार
भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) आत्मनिर्भर भारत योजना के तहत 1 लाख पूरी तरह से स्वदेशी 4G टावर स्थापित कर रहा है। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एक समिट में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकारी संस्था C-DOT द्वारा कोर टेक्नोलॉजी, Tejas Networks द्वारा टेलीकॉम टावर (RAN) और TCS द्वारा सिस्टम इंटीग्रेशन का काम किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि जून 2025 तक यह काम पूरा कर लिया जाए, जिसके बाद इन सभी टावरों को 5G में अपग्रेड कर दिया जाएगा।
भारत बना दुनिया का पांचवां देश
सिंधिया ने कहा, "अब तक केवल चीन, फिनलैंड, स्वीडन और दक्षिण कोरिया ही ऐसे देश थे जिनके पास अपनी टेलीकॉम स्टैक बनाने की क्षमता थी। लेकिन अब भारत भी इस सूची में शामिल हो गया है। BSNL के 1 लाख स्वदेशी 4G टावर इस दिशा में एक बड़ा कदम हैं।" इसके अलावा, भारत सरकार 6G टेक्नोलॉजी पर भी तेजी से काम कर रही है, जिससे देश में टेलीकॉम इंफ्रास्ट्रक्चर को और मजबूत किया जा सकेगा।
BSNL ने 18 साल बाद दर्ज किया मुनाफा
सिंधिया ने BSNL की वित्तीय स्थिति पर बात करते हुए कहा कि 18 साल बाद पहली बार BSNL को मुनाफा हुआ है। अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में BSNL ने 262 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में कंपनी को 1,262 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। वहीं, ऑपरेशनल लागत में 18% की कटौती की गई, जिससे EBITDA (कमाई से पहले का लाभ) 450 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,500 करोड़ रुपये हो गया।
D2D सैटेलाइट सर्विस की शुरुआत
BSNL ने Direct-to-Device (D2D) सैटेलाइट मैसेजिंग सेवा भी लॉन्च कर दी है, जो ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में भी बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। सिंधिया ने बताया कि जहां दुनिया के कई देशों में टेलीकॉम कंपनियों का विलय हो रहा है, वहीं भारत टेलीकॉम एक्सपेंशन की राह पर है। भारत उन गिने-चुने देशों में से है जहां चार प्रमुख टेलीकॉम ऑपरेटर्स (Jio, Airtel, Vi और BSNL) प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं।