ChatGPT: लोगों ने Ghibli इमेज बनाकर काटी इतनी मौज कि 'पिघल' गए चैटजीपीटी के GPU, आप भी ऐसे बनाएं फोटो
ChatGPT पर घिबली स्टाइल इमेज बनाने की होड़ लग गई। सीईओ सैम अल्टमैन कहा कि वर्ल्डवाइट ट्रेंड के कारण चैटजीपीटी के जीपीयू पिघलने के कगार पर पहुंच गए हैं। जानिए आखिर चैटबॉट से घिबली इमेज बनवाने के लिए लोग इतने दीवाने क्यों हो गए हैं।

विस्तार
ChatGPT Ghibli Trend:
चैटजीपीटी से बनाए गए घिबली वर्जन की तस्वीरों (Ghibli Images) ने दुनियाभर के इंटरनेट यूजर्स को क्रेजी कर दिया है। सोशल मीडिया पर घिबली स्टाइल इमेज अपलोड करने की जैसे होड़ सी मच गई है। लोग कई तरह के फोटोज अपलोड कर उनके मजेदार घिबली वर्जन बना रहे हैं। बुधवार को OpenAI के सीईओ सैम अल्टमैन ने अपनी घिबली इमेज अपलोड करके इस ट्रेंड को हवा दे दी। फिर क्या था, भारत समेत दुनियाभर में "Studio Ghibli" सर्च ट्रेंड करने लगा।
भारत के लोगों ने खूब ली मौज
Studio Ghibli वर्जन इमेज बनाने में भारत के लोग भी पीछे नहीं रहे। पिछले 24 घंटो से भारत में "स्टूडियो घिबली" गूगल पर तीसरे नंबर पर ट्रेंड कर रहा है। वहीं इंटरनेट पर इसे 1 लाख से ज्यादा लोग सर्च कर चुके हैं। इससे साफ पता चलता है कि घिबली में इमेज बनाने को लेकर इंटरनेट यूजर्स के बीच कितना क्रेज है।

"पिघल रहे हैं जीपीयू"
कुछ यूजर्स ने पहले एक्स (X) पर ट्विट कर बताया था कि घिबली वर्जन इमेज चैटजीपीटी के प्रीमियम वर्जन में बनाया जा सकता है। हालांकि, बाद में कई यूजर्स ने पाया कि यह फ्री वर्जन में काम कर रहा है। इसके बाद चैटजीपीटी यूजर्स के बीच तस्वीरों को घिबली में बदलने की होड़ लग गई। इसी बीच सैम अल्टमैन ने X पर ट्वीट कर बताया कि उनके जीपीयू 'पिघल' रहे हैं। दरअसल, चैटजीपीटी जैसे चैटबॉट कमांड से तस्वीरों को क्रिएट करने के लिए ग्राफिकल प्रोसेसिंग यूनिट, यानी GPU का इस्तेमाल करते हैं। ट्रेंड के बढ़ने से इनके GPU में दबाव बढ़ता है और ये ओवरहीट होने लगते हैं, जिससे प्रोसेसिंग धीमी हो जाती है। ऐसे में GPU को नुकसान से बचाने के लिए कुछ प्रोसेसिंग को रोकना या सीमित करना पड़ता है।
सैम अल्टमैन ने ट्वीट किया कि, "यह देखना बहुत मजेदार है कि लोग चैटजीपीटी की बनाई तस्वीरों को पसंद कर रहे हैं। लेकिन हमारे जीपीयू पिघल रहे हैं। हम इसे और अधिक कुशल बनाने पर काम करते हुए अस्थायी रूप से कुछ दर सीमाएं लागू करने जा रहे हैं। उम्मीद है कि इसमें ज़्यादा समय नहीं लगेगा! चैटजीपीटी फ्री टियर को जल्द ही प्रतिदिन 3 जनरेशन मिलेंगी।"
इसके साथ ही OpenAI के सीईओ ने कहा कि हम चैटजीपीटी पर इमेज क्रिएशन को तेज बनाने के लिए कुछ जनरेशन रिक्वेस्ट को रिफ्यूज कर रहे हैं। हम बहुत जल्द इसे ठीक कर लेंगे।

क्या है स्टूडियो घिबली?
लोग अमेरिकी प्रेजिडेंड डोनॉल्ड ट्रंप से लेकर पीएम नरेंद्र मोदी तक के घिबली स्टाइल कार्टून इमेज बना रहे हैं। इसके साथ ही इंटरनेट पर कई वायरल मीम्स के भी कार्टून बनाए दा रहे हैं। लेकिन चैटजीपीटी पर घिबली लिख देने से यह आपकी फोटो को कार्टून में कैसे कनवर्ट कर देता है? यह समझने के लिए आपको घिबली के इतिहास को जानना पड़ेगा।
दरअसल, स्टूडियो घिबली (Studio Ghibli) एक जापानी एनीमेशन फिल्म स्टूडियो है जिसकी स्थापना 1985 में मियाजाकी हयाओ, ताकाहाता इसाओ और सुजुकी तोशियो ने की थी। कंपनी हाथ से बनाई गई पेंटिंग्स की मदद से हाई-क्वालिटी एनीमेशन फिल्में क्रिएट करने के लिए जानी जाती है। पिछले 40 सालों से कंपनी ने कार्टून एनिमेंशन बनाने के तौर तरीकों में बदलाव नहीं किया है। दुनियाभर में लोग घिबली एनिमी का काफी पसंद करते हैं। कंपनी की कुछ सबसे उल्लेखनीय एनिमेटेड फिल्मों में नेबर टोटोरो, स्पिरिटेड अवे, हाउल्स मूविंग कैसल, किकी की डिलीवरी सर्विस और प्रिंसेस मोनोनोके शामिल हैं।