{"_id":"6b01eab296574b155b054e29","slug":"video-from-a-six-year-old-girl-to-a-working-woman-talent-was-on-display-on-the-chessboard-2026-11-22","type":"video","status":"publish","title_hn":"छह साल की बच्ची से नौकरीपेशा महिला तक, बिसात पर दिखा हुनर","category":{"title":"Sports","title_hn":"खेल","slug":"sports"}}
छह साल की बच्ची से नौकरीपेशा महिला तक, बिसात पर दिखा हुनर
नीरज नरवरिया
Updated Sun, 22 Nov 2026 12:32 AM IST
Link Copied
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। छह साल की बच्ची भी बिसात पर अपनी चाल चलती दिखी तो नौकरीपेशा महिला भी प्रतिद्वंद्वी को मात देने की रणनीति बनाती नजर आई। कोई पहली बार बड़ी उम्र की खिलाड़ियों के बीच मुकाबला कर रही है तो कोई पहले भी कई प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखा चुकी है। सभी का जुनून एक ही है, अपनी चालों से बाजी जीतना। शनिवार को महात्मा हंसराज मॉडर्न स्कूल में दो दिवसीय राज्य स्तरीय सीनियर महिला शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। इसमें प्रदेश के 12 जिलों की 50 महिला खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं।
यूपी डिस्ट्रिक्ट चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन और झांसी डिस्ट्रिक्ट चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता के पहले दिन तीन चक्रों के मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों ने प्रतिद्वंद्वियों को मात देने के लिए अपनी रणनीतिक क्षमता, धैर्य और सूझबूझ का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के अगले चक्र रविवार सुबह नौ बजे से शुरू होंगे।
तीन अंकों के साथ छह खिलाड़ी संयुक्त रूप से शीर्ष पर
पहले दिन तीन चक्रों का खेल पूरा हुआ। तीनों मुकाबलों में जीत दर्ज कर छह खिलाड़ियों ने तीन-तीन अंक हासिल किए। ये खिलाड़ी संयुक्त रूप से अंक तालिका में शीर्ष पर बनी हुई हैं।
तनु निषाद — कानपुर
प्रिया यादव — प्रयागराज
पूर्वी राजपूत — झांसी
विधि एंजलिना — वाराणसी
स्वस्तिका कुमारी — कानपुर नगर
वृत्ति जैन — गाजियाबाद
इस दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष गौरव मिश्रा, उपाध्यक्ष नीरज खत्री, अनु मिश्रा, सचिव दीपक विश्वकर्मा, पारस श्रीवास्तव, मुख्य निर्णायक अंकिता श्रीवास्तव, उप निर्णायक आदित्य कुमार, दीपक शाक्य, शोएब अहमद, अविनाश श्रीवास्तव और सौरभ यादव आदि मौजूद रहे।
बड़ों के साथ खेलकर गर्व होता है : साव्या
लखनऊ की नौ वर्षीय साव्या कक्षा चार की छात्रा हैं। उन्होंने शतरंज खेलना अपनी मां से सीखा। साव्या कहती हैं कि बड़ी उम्र की खिलाड़ियों के साथ खेलने पर उन्हें गर्व महसूस होता है, लेकिन कभी-कभी डर भी लगता है। इसके बावजूद वह हिम्मत नहीं हारतीं और अपनी चालों से विरोधियों को चुनौती देती हैं।
बड़े पिताजी ने सिखाया खेल : इति
झांसी की इति राजा बुंदेला कक्षा नौ की छात्रा हैं। वह पिछले सात वर्षों से शतरंज खेल रही हैं। खेल की शुरुआती बारीकियां उन्होंने अपने बड़े पिताजी से सीखीं। वह जिला स्तरीय अंडर-15, अंडर-17 और ओपन प्रतियोगिताओं के अलावा राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा ले चुकी हैं। इति ने बताया कि वह मुख्य रूप से बास्केटबॉल की खिलाड़ी हैं, लेकिन शतरंज में भी उनकी गहरी रुचि है। भविष्य में बिजनेस कंसल्टेंट के रूप में अपनी पहचान बनाना चाहती हैं।
अंडर-7 में विश्व स्तर पर सर्वाधिक रेटिंग, शतरंज में ही बनाना है कॅरिअर : अनुप्रिया
प्रयागराज के नैनी की अनुप्रिया यादव कक्षा पांच की छात्रा हैं। वह महज पांच साल की उम्र से शतरंज खेल रही हैं। उनके पिता शतरंज कोच हैं और उन्होंने ही अनुप्रिया को इस खेल की बारीकियां सिखाईं। उनकी बड़ी बहन भी राज्य स्तरीय शतरंज खिलाड़ी हैं। अनुप्रिया वर्ष 2023 में नेपाल में आयोजित अंडर-12 प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर चुकी हैं। इसी वर्ष अंडर-7 आयु वर्ग में विश्व स्तर पर सर्वाधिक रेटिंग हासिल करने की उपलब्धि भी उनके नाम रही। वह शतरंज में ही अपना कॅरिअर बनाना चाहती हैं।
बच्चों को खेलते देख शुरू किया शतरंज : अमिता
कानपुर की अमिता कुमारी पारीछा में एग्जीक्यूटिव इंजीनियर हैं। नौकरी की व्यस्तताओं के बीच भी उन्होंने शतरंज के प्रति अपनी रुचि बनाए रखी है। अमिता ने बताया कि शुरुआत में वह अपने बच्चों को शतरंज खिलाती थीं। उन्हें खेलते देखकर खुद भी इस खेल के प्रति आकर्षित हुईं और शतरंज सीखना शुरू कर दिया। पिछले तीन वर्षों से वह नियमित रूप से इस खेल से जुड़ी हैं। अब प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा आजमा रही हैं।
मां को देखकर सीखा शतरंज : अनिका
झांसी की अनिका कौजलगी कक्षा पांच की छात्रा हैं। उन्हें शतरंज खेलने की प्रेरणा अपनी मां को देखकर मिली। मां को बिसात पर चालें चलते देख उनके मन में भी इस खेल को सीखने की इच्छा जगी। धीरे-धीरे उन्होंने शतरंज की बारीकियां सीखीं। अनिका भविष्य में अच्छी शतरंज खिलाड़ी बनना चाहती हैं। उनका मानना है कि मेहनत और नियमित अभ्यास से वह अपने लक्ष्य को हासिल कर सकती हैं।
सीतापुर और दिल्ली में भी खेल चुकी हैं छह साल की परिधि
अलीगढ़ की छह वर्षीय परिधि कक्षा एक की छात्रा हैं। इतनी कम उम्र में ही वह शतरंज प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने लगी हैं। वह सीतापुर और दिल्ली में भी खेल चुकी हैं। प्रदेश स्तरीय सीनियर महिला चैंपियनशिप में हिस्सा लेना उनके लिए नया अनुभव है। कम उम्र में बड़ी खिलाड़ियों के बीच मुकाबला करना उनके आत्मविश्वास को बढ़ा रहा है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।