रुद्रपुर। सिडकुल रुद्रपुर और सितारगंज की 20 कंपनियों में औद्योगिक विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। श्रमिक संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों ने बुधवार को श्रम विभाग परिसर में नारेबाजी के बाद श्रम प्रवर्तन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
श्रमिक संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष दिनेश तिवारी ने कहा कि सिडकुल पंतनगर की भगवती प्रोडक्ट्स लिमिटेड कंपनी के 303 श्रमिकों का एक साल बाद भी कार्यबहाली नहीं हुई है और न ही वेतन मिला है। सितारगंज की गुजरात अंबुजा में दस महीने से औद्योगिक विवाद कायम है, एडीएम जगदीश कांडपाल व सहायक श्रमायुक्त प्रशांत कुमार की मध्यस्थता में समिति बनने के बावजूद 115 श्रमिकों की गैरकानूनी गेटबंदी जारी है। आरोप है कि सिडकुल पंतनगर की वोल्टास लिमिटेड, एलजी बालाकृष्णन, बजाज मोटर्स, करोलिया लाइटिंग प्राइवेट लिमिटेड,लुकास टीवीएस, महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड कंपनी में यूनियन बनाने के बाद श्रमिकों के साथ उत्पीड़न हो रहा है। वहां पर महासचिव गणेश मेहरा, नंदन सिंह, पूरन चंद्र, विरेंद्र कुमार, गोविंद सिंह, जीवन परगाई, अजय कुमार, मुकुल, घनश्याम, प्रेमशंकर गंगवार थे।