{"_id":"5b01bfcd4f1c1b334d8b4aa4","slug":"today-farmers-will-protest","type":"story","status":"publish","title_hn":"आज सड़कों पर गरजेंगे क्षेत्र के किसान ","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
आज सड़कों पर गरजेंगे क्षेत्र के किसान
ब्यूरो/ अमर उजाला ब्यूरो, ऊधमसिंह नगर
Updated Mon, 21 May 2018 12:04 AM IST
विज्ञापन
सितारगंज बिज्टी गांव में मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से वार्ता करते पूर्व विधायक नारायण पाल।
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
किसान की आत्महत्या के तीन दिन बाद भी किसानों में शासन-प्रशासन के खिलाफ आक्रोश कम नहीं हो रहा है। लघु एवं सीमांत किसान संघर्ष समिति और अखिल भारतीय किसान सभा ने कर्ज में डूबे किसान की मौत के मामले और उसे न्याय दिलाने के लिए सोमवार को प्रदर्शन का ऐलान किया है।
विज्ञापन
बिज्टी गांव के किसान मुख्त्यार सिंह (53) पुत्र कर्म सिंह ने कर्ज से तंग आकर 18 मई को जहर खाकर जान दे दी थी। रविवार को भी मुख्त्यार के घर पर विभिन्न संगठनों के लोग और किसान परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। किसानों का कहना है कि शासन की गलत नीतियों की वजह से किसान कर्ज तले दबकर आत्महत्या कर रहे हैं। मुख्त्यार ने कर्ज के कारण जान दे दी, लेकिन अभी तक प्रशासन ने उस पर किस-किस बैंक और साहूकार का कितना कर्ज है, इसकी जानकारी नहीं ली।
विज्ञापन
यहां तक कि राजस्व कर्मी भी गांव के अलग-अलग लोगों से पूछताछ तो कर रहे हैं, लेकिन अभी तक परिवार के लोगों से कर्ज के बारे में नहीं जाना। आरोप लगाया कि स्थानीय प्रशासन मुख्त्यार की आत्महत्या की वजह कर्ज नहीं मान रहा है और उसे झुठलाने की कोशिश की जा रही है, जबकि परिवार के पास बैंकों से जारी नोटिस रखे हैं।
विज्ञापन
मृतक मुख्त्यार ने साहूकारों से कर्ज लेकर बैंकों का कर्ज अदा किया था। लघु एवं सीमांत किसान समिति के प्रांतीय अध्यक्ष जीके मंडल ने कहा कि सोमवार को किसान तहसील का घेराव कर प्रदर्शन करेंगे। अखिल भारतीय किसान सभा के जिलाध्यक्ष त्रिलोचन सिंह ने मृतक किसान के परिवार को 20 लाख रुपये मुआवजा और बीएड प्रशिक्षित बेटी को सरकारी नौकरी दिलाने की मांग की है।
आठ बीघा भूमि पर लाखों का कर्ज
सितारगंज। बिज्टी गांव के किसान नेता साहब सिंह ने बताया कि मुख्त्यार सिंह पर लाखों का कर्ज है। मुख्त्यार सिंह के पास आठ बीघा जमीन है, जिसकी खतौनी पर 3.20 लाख का कर्ज लिखा है। बैंक ऑफ बड़ौदा का 60 हजार रुपये बकाया था, जिसका 14 जनवरी 2016 को नोटिस जारी हुआ था। दक्षिणी किसान सहकारी समिति का करीब 35 हजार रुपये कर्ज है। इसके अलावा सूदखोरों का भी छह लाख से अधिक का कर्ज है। ब्यूरो
किसान की आत्महत्या पर गरमाई सियासत
सितारगंज। बिज्टी के किसान की आत्महत्या के बाद सियासत भी गरमा गई है। मामला देहरादून तक गूंज रहा है। मृतक किसान के परिवार को न्याय दिलाने के लिए जहां किसानों ने सड़क पर उतरने का फैसला किया है, वहीं कांग्रेस भी किसानों के साथ आ खड़ी हुई है। पूर्व विधायक नारायण पाल ने मामले में डीएम से वार्ता कर परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। सितारगंज कांग्रेस कमेटी ने भी घटना पर दुख जताते हुए किसानों के हित की लड़ाई लड़ने को आंदोलन की बात कही है। पूर्व विधायक नारायण पाल ने रविवार को मृतक के घर पहुंचकर परिवार को सांत्वना दी। पाल ने कहा कि सोमवार को होने वाले आंदोलन में कांग्रेस भी शामिल होगी। इस दौरान कांग्रेसी नेता रामनगीना प्रसाद, ब्लॉक अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, पूर्व पालिकाध्यक्ष हाजी अनवार अहमद, शाकिर अलथी खां, अवतार सिंह गिल, साहब सिंह, बख्शीश सिंह, हरजिंदर सिंह, गुरनाम सिंह, बलविंदर सिंह आदि थे।